सेरेब्रल पालसी से प्रभावित बच्चों की होली एक मार्च को
प्रयागराज, 27 फरवरी (हि.स)। सेरेब्रल पालसी से प्रभावित बच्चों के लिए समर्पित संस्था त्रिशला फाउंडेशन हर वर्ष की तरह इस बार भी होली का रंगारंग कार्यक्रम पहली मार्च को टैगोर टाउन स्थित कर्नलगंज इण्टर कॉलेज में आयोजित करेगा।
यह जानकारी त्रिशला फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार जैन ने देते हुए बताया है कि सेरेब्रल पालसी से प्रभावित बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए संस्था समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। जिससे बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारा जा सके। संस्था की सचिव डॉ. वारिदमाला जैन ने बताया कि रविवार को इस कार्यक्रम में सेरेब्रल पालसी से प्रभावित बच्चे, उनके अभिभावक एवं संस्था से जुड़े शुभचिंतकों के साथ बृज में खेली जाने वाली फूलों की होली एवं कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे, जिसमें देश-विदेश से भी आए लोग प्रतिभाग करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र