अजीतमल में जनगणना को लेकर तैयारियां तेज, 514 प्रगणक व सुपरवाइजर तैनात

 

औरैया, 06 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल में आगामी जनगणना को लेकर तहसील प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासन द्वारा जनगणना प्रक्रिया को दो चरणों में संपन्न कराने की योजना बनाई गई है। पहले चरण में 07 मई से 21 मई तक स्व-डिजिटल जनगणना कराई जाएगी, जिसमें नागरिक स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद दूसरे चरण में 22 मई से 20 जून तक कर्मचारी घर-घर जाकर जनगणना का कार्य पूरा करेंगे।

उप जिलाधिकारी अजीतमल निखिल राजपूत एवं तहसीलदार अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए तहसील क्षेत्र में कुल 514 प्रगणक (एन्यूमरेटर) एवं सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।

बैठक के दौरान सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को उनके पहचान पत्र (आईडी कार्ड), नियुक्ति पत्र तथा जनगणना मैनुअल वितरित किए गए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्व-डिजिटल जनगणना के तहत एक मोबाइल नंबर से एक परिवार का पंजीकरण किया जा सकेगा, जिससे प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाया जा रहा है।

तहसील प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही एवं पूर्ण जानकारी देकर जनगणना को सफल बनाने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार