अधिकमास में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर नन्दोत्सव की धूम

 


मथुरा, 09 जून (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर पुरूषोत्तम मास (अधिकमास) में मनाये जा रहे अनेक पर्व/महोत्सव की श्रृंखला में अधिक ज्येष्ठ कृष्ण नवमी तद्नुसार मंगलवार शाम को श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर भव्य नन्दोत्सव का आयोजन किया गया।

श्रीभागवत-भवन मंदिर प्रांगण को नन्दभवन का भव्य स्वरूप प्रदान किया गया, शास्त्रीय मान्यताओं, श्रुतियों एवं स्मृतियों के आधार पर नन्दनन्दन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पश्चात गोकुल में हुऐ नन्दोत्सव के अनुरूप बधाई गायन एवं उद्दाम नृत्य-संकीर्तन से संपूर्ण भागवत-भवन गुंजायमान हो उठा।

नन्दोत्सव के इस पावन उत्सव में हजारों की संख्या में ब्रजवासी एवं बाहर से पधारे श्रद्धालु शामिल हुए। कान्हा के जन्म की खुशी एवं अलौकिक भक्तिभाव सभी के मुख पर स्पष्ट दिख रहा था। बधाई गायन एवं संकीर्तन के मध्य भावमय नृत्य एवं तालियों की गड़गड़ाहट से भागवत-भवन मंदिर प्रांगण को झंकृत कर रहे श्रद्धालु, नन्दवावा एवं माता यशोदा के अनुरूप परस्पर बधाई का आदान प्रदान कर रहे थे ।

श्रीकृष्ण-जन्मस्थान द्वारा आयोजित इस भव्य महोत्सव में संस्थान के सचिव कपिल शर्मा एवं सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी एवं सेवाभावीजन द्वारा हजारों खिलौने, वस्त्र, बर्तन, मिष्ठान आदि विभिन्न सामग्री बहुत बड़ी मात्रा में भक्तों में वितरित/लुटायी गयी। नन्दोत्सव पर्व की खुशी में श्रद्धालुजन अभिभूत हो प्रसाद प्राप्त करने के लिए लालायित दिखे। इस अवसर पर सांय 7 बजे से लीलामंच पर ठाकुरजी को अर्पित भजन संध्या का आयोजन किया गया जिसमें ब्रज की सुविख्यात भजन गायिका श्रीमती शालिनी शर्मा एवं उनके सहयोगियों द्वारा ठाकुरजी को समर्पित भजनों की सुन्दर प्रस्तुति दी गयी । अधिकमास में इस नन्दोत्सव पर्व के आयोजन को भव्य और भावमय बनाने के लिए श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के पदाधिकारी/कर्मचारीगण एवं कन्हैयालाल अग्रवाल, अनिलभाई, राजीव गुप्ता, माधव चतुर्वेदी, गौरी चतुर्वेदी आदि सेवाभावीजन का विशेष योगदान रहा ।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार