डीएम के निर्देश पर उप जिलाधिकारी ने गौशालाओं का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दी हिदायत
औरैया, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर सदर उपजिलाधिकारी अजय आनन्द वर्मा ने सोमवार सुबह विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण किया।
उपजिलाधिकारी ने मिर्जापुर, दयालपुर तथा आवास विकास कॉलोनी स्थित गौशालाओं का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां पशुओं के लिए चारा, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पशुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि गौशालाओं में पर्याप्त हरे चारे की उपलब्धता, स्वच्छ पानी की निरंतर व्यवस्था और शेड में छाया व वेंटिलेशन का ध्यान रखा जाए।
साथ ही उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए नियमित स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है। बीमार पशुओं के लिए समय-समय पर पशु चिकित्सकों द्वारा जांच और उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी गौशाला में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौशालाओं का संचालन करते हुए पशुओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार