सीएसजेएमयू में वितरित हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड
कानपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उनके स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों को बेहतर इलाज के साथ आर्थिक संबल भी प्रदान करेगी। यह बातें रविवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत आयोजित कार्ड वितरण कार्यक्रम में कहीं।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के लेक्चर हॉल-1 में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत लाभार्थी शिक्षकों को चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय प्रशासन की मौजूदगी में 54 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।
योजना के तहत जनपद के एक हजार से अधिक शिक्षकों को लाभ मिलेगा। पात्र शिक्षकों एवं उनके परिवारजनों को सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी, जबकि सरकारी अस्पतालों में उपचार राशि की कोई सीमा नहीं होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान पीपीएन कॉलेज, बीएनडी कॉलेज, कानपुर विद्या मंदिर, जुहारी देवी, ब्रह्मावर्त कॉलेज, हरसहाय कॉलेज और डीएवी ट्रेनिंग कॉलेज के शिक्षकों को चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक राहुल बच्चा और विधायक सरोज कुरील ने योजना को शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे शिक्षकों और उनके परिवारों को बीमारी के समय बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तथा आर्थिक राहत मिलेगी।
उच्च शिक्षा विभाग की नोडल अधिकारी प्रो. अपर्णा सिंह ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए शिक्षकों और संबंधित संस्थानों से सहयोग की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन उच्च शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप