16 वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत का मामला: परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, सड़क पर लगाया जाम

 


गाजियाबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। इंदिरापुरम थानाक्षेत्र के नीतिखंड स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रीन्स सोसायटी में 16वीं मंजिल से मंगलवार को गिरकर जान गंवाने वाली युवती के परिजनों ने बुधवार को अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। युवती के कनावनी स्थित घर पर पुलिस फोर्स तैनात है। वहीं, आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। परिजनों ने हाइवे जाम कर दिया है। सीआईएसएफ मार्ग पूरी तरह जाम हो गया। मृतका के पिता सड़क पर ही बेहोश होकर गिर गए। युवती की बड़ी बहन ने बताया कि वह पुलिस से हादसे के समय की सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग कर रहे हैं। वहीं आरोप है कि पुलिस उन पर शव का अंतिम संस्कार करने का दवाब बना रही है।

मालूम हो कि गाजियाबाद के इंदिरापुरम थानाक्षेत्र निवासी 18 वर्षीय युवती की मंगलवार तड़के करीब छह बजे सोसायटी की 16वीं मंजिल से संदिग्ध हालत में गिरकर मौत हो गई। हादसा अहिंसाखंड एक स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रींस सोसायटी के सी ब्लॉक टावर में हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया।

पुलिस ने बताया कि युवती के पिता सोसायटी में कार धुलाई और कपड़ों पर प्रेस करने का काम करते हैं। पिता की मदद के लिए युवती अपने भाई-बहन के साथ अक्सर सोसायटी में आती जाती थी। मंगलवार सुबह 5:30 बजे युवती अपने पिता के साथ सोसायटी पहुंची। पिता कार की सफाई करने चले गए। युवती सोसायटी के वॉशरूम में गई। वहां से सी ब्लॉक के सी टावर स्थित लिफ्ट में 5:53 बजे दाखिल हुई और 16वीं मंजिल पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों में युवती लिफ्ट में अकेली जाती दिखाई दी है। तड़के 5:55- 5:56 बजे पर सी ब्लॉक के बाहर दूसरे टावर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में युवती गिरते हुए दिखाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी