आईटी से लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक करियर के अवसर, सीएसजेएमयू के यूआईईटी में प्रवेश प्रक्रिया शुरू : डॉ आलोक कुमार

 




कानपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। सीएसजेएमयू के यूआईईटी (यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभाग में सूचना प्रौद्योगिकी से लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता तक करियर के अवसर उपलब्ध हैं। बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन और मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। छात्रों को आधुनिक प्रयोगशाला और उद्योग आधारित शिक्षा प्रदान की जा रही है। यह जानकारी शुक्रवार को डॉ आलोक कुमार ने दी।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (प्रौद्योगिकी एवं अभियांत्रिकी संस्थान) का कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर चुका है। वर्ष 2001 में स्थापित यह विभाग छात्रों को पारंपरिक सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के साथ-साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आंकड़ा विज्ञान और आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में करियर के बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है।

विभाग में तीन वर्षीय बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन और दो वर्षीय मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन कोर्स संचालित हैं। बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन में लगभग 360 सीटें हैं, जिसमें प्रवेश 10+2 मेरिट के आधार पर दिया जाता है, जबकि मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन में 120 सीटों पर प्रवेश लिखित परीक्षा के माध्यम से होता है।

पाठ्यक्रम को सूचना प्रौद्योगिकी उद्योग की जरूरतों के अनुसार तैयार किया गया है, जिसमें प्रोग्रामिंग, मशीन लर्निंग, साइबर सुरक्षा, आंकड़ा प्रबंधन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसे विषय शामिल हैं।

छात्रों को आधुनिक प्रयोगशाला में प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही हैकाथॉन, कोडिंग क्लब और तकनीकी आयोजनों के माध्यम से उनकी तकनीकी क्षमता विकसित की जा रही है।

प्लेसमेंट के क्षेत्र में छात्र टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, विप्रो, आईबीएम और एक्सेंचर जैसी कंपनियों में चयनित हो रहे हैं। छात्र सॉफ्टवेयर निर्माण, आंकड़ा विश्लेषण और वेब विकास जैसे पदों पर कार्य कर रहे हैं।

विभाग में 150 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं और 40 पेटेंट दर्ज किए गए हैं। छात्रों को उद्योग परियोजनाओं पर कार्य करने का अवसर भी मिल रहा है। यह विभाग तकनीकी शिक्षा और रोजगार दोनों के क्षेत्र में मजबूत मंच प्रदान कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप