हाइवे पर चलती कार में स्टंटबाजी और रील वायरल होना पड़ी भारी, गाड़ी मालिक गिरफ्तार, गाड़ी सीज

 




फिरोजाबाद, 29 सितंबर (हि.स.)। थाना टूण्डला पुलिस टीम ने मंगलवार को स्टन्टबाज के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार को भी सीज करने की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है स्टंटबाजी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इंटरनेट मीडिया पर रील्स बनाने की लत इस कदर हावी है कि लोग अपने साथ ही दूसरों की जान भी जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसी ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। वायरल वीडियो थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत हाइवे पर टोल प्लाजा के समीप रविवार रात करीब साढ़े बजे की है। हाईवे पर दौड़ रही एक कार की छत पर कुछ युवक बैठे हुए थे और रील शूट कर रहे थे। कार सड़क पर लहराती हुई चल रही थीं। जिससे अन्य वाहन चालक परेशान हो गए। एक वाहन चालक ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया जो तेजी से वायरल हो गया।

इधर जैसे ही यह वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया तो पुलिस ने इस मामले में सख्ती दिखाते हुए कार और रील बनाने वाले लड़कों की पहचान करना शुरू कर दी।

थाना प्रभारी टूंडला बैजनाथ सिंह ने पुलिस टीम के साथ सोशल मीडिया पर कार से स्टंट करते हुए वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिसमें सफेद रंग की वेन्यू कार संख्या UP83BJ5308 में तीन लडके चलती कार से बाहर निकलकर कार चला रहे है। प्रकरण में वेन्यू कार संख्या UP83BJ5308 की डिटेल निकालकर पंजीकृत स्वामी पंकज पुत्र प्रदीप कुमार निवासी पचवान थाना नारखी जनपद फिरोजाबाद को कार सहित तलब किया गया। पकंज कुमार से जानकारी की गयी तो बताया कि 27 सितंबर को वह ही कार चला रहा था व उसके साथ तीन दोस्त थे जो चलती कार मे टोल प्लाजा टूण्डला के पास स्टंट कर रहे थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि संज्ञेय अपराध के घटित होने की सम्भावना एव शान्ति व्यवस्था के दृष्टिगत अन्य कोई विकल्प न देख पंकज पुत्र प्रदीप कुमार निवासी पचवान थाना नारखी जनपद फिरोजाबाद के विरुद्ध कार्यवाही कर उसे हिरासत में लिया गया तथा वाहन संख्या UP83BJ5308 के द्वारा स्टन्ट करते हुए लापरवाही व खतरनाक ढंग से चलाया जा रहा था जिसे सीज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़