बाइक को बचाने में पेड़ से टकराई कार में लगी आग से जिंदा जला चालक, बाइक सवार की भी मौत

 


संभल, 20 अप्रैल (हि.स.)। जनपद संभल की चंदौसी तहसील क्षेत्र के बनियाठेर थाना क्षेत्र में ग्राम आटा के पास साेमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें बाइक चालक को बचाने के प्रयास में कार बाइक से टकराकर पेड़ में जा घुसी जिससे उसमें आग लग गई। हादसा देखकर वहां पर मौजूद लोग कार सवार लोगों को बचाने के लिए दौड़े। इस दौरान उन लोगों ने तीन लोगों को तो कार से निकाल लिया लेकिन चालक उसी में फंसा रह गया और कार आग का गोला बन गई जिससे कार चालक की उसमें जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बनियाठेर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया जिसके लिए अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां लगाई गई।

इस विषय में जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि बनियाठेर थाना क्षेत्र में गांव आटा के पास चंदौसी बबराला रोड पर एक कार के जलने की सूचना प्राप्त हुई। तत्काल ही पुलिस मौके पर पहुंची, जानकारी प्राप्त हुई कि एक कार सामने से आती हुई बाइक को बचाने के प्रयास में वो एक पेड़ से टकरा गई जिसमें तत्काल ही आग लग गई। पुलिस द्वारा ग्रामीणों की मदद से कार में सवार तीन व्यक्तियों को झुलसने से बचाया गया और उनको निकाल कर तत्काल ही अस्पताल भेजा गया जो घायल है। एक कार सवार व्यक्ति उसमें बुरी तरह से झुलस गया जिसमें उसकी तत्काल ही मृत्यु हो गई और बाइक सवार व्यक्ति की भी दुर्घटना में मृत्यु हो गई। घायलों से जानकारी करने पर पता चला कि यह बदायूं जनपद के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव अल्लापुर के निवासी हैं वह यहां पर एक बर्थडे पार्टी में आए हुए थे इसके उपरांत बाकी जानकारी की जा रही है कि बाइक सवार कहां का निवासी है तथा साक्ष्य संकलन किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar