झपकी आने से खाईं में गिरी कार,पिता की मौत छह घायल
रायबरेली,06जुलाई(हि.स.)। प्रयागराज से लखनऊ जा रही कार चालक के झपकी आने से पुलिया से टकराकर खाईं में चली गई, सोमवार को हुई इस घटना में चालक के पिता की मौत हो गई, जबकि परिवार के 6 अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रयागराज जिले के सिसवा के रहने वाले रवि कुमार परिवार सहित लखनऊ के सेक्टर दस इंदिरा नगर में मकान बनाकर निवास करते हैं। सोमवार की दोपहर रवि पिता हरिलाल,मां राजकेसरी, पत्नी प्रतिमा, बेटा आस्तिक, भतीजे सक्षम व भीम कुमार को कार से लेकर सिसवा से लखनऊ जा रहे थे, तभी रायबरेली प्रतापगढ़ जिले की सीमा पर सबीसपुर के पास चालक रवि को झपकी आने की वजह से कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर सड़क किनारे गहरी खाईं में चली गई, सूचना पर पहुंची पीआरवी ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया, जहां हरीलाल (62 वर्ष)को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल ओमप्रकाश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, कार सवार के परिजनों को घटना की सूचना दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे