17 जनपदों की मतपेटियां कड़ी सुरक्षा में डीडीयू विश्वविद्यालय पहुंचीं, देर रात तक डटे रहे मंडलायुक्त और डीएम
गोरखपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को 17 जनपदों के 200 मतदान केंद्रों पर हुए मतदान के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में पहुंचाया गया। मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से निर्धारित स्थल पर रखवाने और पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी देर रात तक मुस्तैद रहे। वाणिज्य संकाय में मतपेटियों को प्रत्याशियों की मौजूदगी में सुरक्षित रखा गया। मतपेटियों की सुरक्षा के साथ ही परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई जिससे किसी प्रत्याशी को किसी प्रकार की शिकायत ना रहे ।
मतपेटियों को सुरक्षित रखने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए है। 17 जनपदों के विभिन्न मतदान केंद्रों से मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत वाणिज्य संकाय तक पहुंचाया गया। दूरस्थ जनपदों से मतपेटियां आने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। सुल्तानपुर, श्रावस्ती और गोंडा जैसे जनपदों से भी देर रात तक मतपेटियां पहुंचती रहीं। मतपेटियों के पहुंचने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखवाने की प्रक्रिया पर रिटर्निंग अफसर एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह तथा सहायक रिटर्निंग अफसर एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा लगातार नजर बनाए रहे।
वाणिज्य संकाय में मतपेटियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से की जा रही है। हालांकि, स्क्रीन का आकार छोटा होने के कारण प्रत्याशियों ने इस पर आपत्ति जताई और निगरानी के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाने की मांग की। प्रत्याशियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रिटर्निंग अफसर एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह तथा सहायक रिटर्निंग अफसर एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने एआरओ एवं एडीएम वित्त को बड़ी एलईडी स्क्रीन लगवाने का निर्देश दिया। इसके बाद बड़ी एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था कराने की कार्रवाई की गई, ताकि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परिसर में रखी मतपेटियों की निगरानी स्पष्ट रूप से की जा सके और प्रत्याशियों को भी निगरानी व्यवस्था देखने में सुविधा हो।
मतपेटियों को सुरक्षित रखने और निगरानी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मतदान केंद्रों से मतपेटियों को लेकर आने वाले वाहनों के पहुंचने, मतपेटियों को निर्धारित स्थल पर रखवाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया गया। देर रात तक विभिन्न जनपदों से मतपेटियां आने के कारण अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे।
रिटर्निंग अफसर एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और सहायक रिटर्निंग अफसर एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा देर रात तक वाणिज्य संकाय में डटे रहे। उनके साथ सहायक रिटर्निंग अफसर एवं अपर आयुक्त प्रशासन अजय राय, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, जीडीए सचिव प्रखर उत्तम, सहायक बचत निदेशक बृजेश यादव, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव और सीओ ट्रैफिक कीर्ति निधि आनंद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।
प्रशासन का पूरा ध्यान मतपेटियों को सुरक्षित रखने, सभी जनपदों से उनके पहुंचने की प्रक्रिया पूरी कराने और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर रहा। मतदान के बाद मतपेटियों को सुरक्षित स्थान पर रखवाने से लेकर सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था तक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रत्याशियों की ओर से एलईडी स्क्रीन के आकार को लेकर उठाई गई समस्या पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था के साथ निगरानी की पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय