राज्यपाल आनंदीबेन ने ‘कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया

 


लखनऊ, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को 'मदर्स डे' के अवसर पर जन भवन से स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से रविवार को आयोजित “कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा–आनंदी मां एक जीवन बचाओ अभियान” का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

रैली जन भवन पोर्टिको से शुरू होकर महात्मा गांधी मार्ग से होते हुए अटल चौक, पार्क रोड, डॉ. भीमराव अम्बेडकर मार्ग, सिविल चौराहा और भानुमति रोड से गुजरते हुए सरोजिनी नायडू मार्ग चौराहे पर सम्पन्न हुई। रैली के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता एवं स्वस्थ भारत के संकल्प को लेकर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने अभियान की सराहना करते हुए संस्था के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की मजबूती का आधार है। समय पर जांच एवं जागरूकता से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव है। रैली में 130 से अधिक लोगों ने सहभागिता कर “स्वस्थ मां–सुरक्षित भविष्य” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। राज्यपाल ने संस्था को भविष्य में और व्यापक स्तर पर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में नई चेतना एवं सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि “हर मां सुरक्षित हो, हर बहन जागरूक हो, हर बेटी स्वस्थ और सशक्त हो।”

यह अभियान केवल एक रैली नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता एवं मानवीय संवेदनाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। रैली के शुभारंभ के अवसर पर विशेष कार्याधिकारी, राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे सहित अन्य लाेग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक