सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी: डॉ. बीपी शाक्य
-बिधूना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आयोजित किया विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम।
औरैया, 15 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण औरैया के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिधूना में सर्वाइकल कैंसर को लेकर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं को बीमारी के लक्षण, बचाव और टीकाकरण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए समय पर जागरूकता और टीकाकरण महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में जाकर महिलाओं को इस बीमारी के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसके बचाव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन उपलब्ध है।
महिला चिकित्सक डॉ. मीनल टंडन ने महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता और बचाव के उपाय अपनाना बेहद जरूरी है। वहीं, डॉ. दीप्ति पांडेय और डॉ. मनीष त्रिपाठी ने बीमारी से बचाव के साथ खानपान, दिनचर्या और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाना और उन्हें बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। इस मौके पर अंजना, स्टाफ नर्स हेमलता, पीएलवी योगेश कुमार स्वामी, वेद प्रकाश वर्मा के अलावा आशा बहुएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार