जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट में सुनी फरियादियों की समस्याएं

 




गोरखपुर, 24 सितंबर (हि.स.)।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित पर्यटन भवन में अपने कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व, रास्ते, सरकारी योजनाओं समेत अन्य मामलों से जुड़ी अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

डीएम ने फरियादियों की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

फरियादियों की ओर से प्रस्तुत शिकायतों को सुनने के दौरान जिलाधिकारी ने कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को फोन कर समस्या की जानकारी दी तथा प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रकरण की जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए और फरियादी को भी कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। केवल औपचारिक निस्तारण के बजाय शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने स्तर से गंभीरता के साथ कार्रवाई करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय