तेंदुए को पकड़ने के लिए सबदलीपुर बाड़ीवाला में लगाया गया एक और पिंजरा
मुरादाबाद, 17 नवम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना कांठ क्षेत्र स्थित सबदलीपुर बाड़ीवाला में बार-बार दिखाई दे रहे तेंदुए को लेकर किसानों में खौफ व्याप्त है। किसानाें की शिकायत पर मंगलवार को दोपहर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को पकड़ने के लिए यहां एक और पिंजरा लगाया है। रविवार को भी गांव के दूसरे हिस्से में पिंजरा लगाया गया।
कांठ नगर के मोहल्ला पट्टीवाला, फकीरगंज के अधिकांश किसानों के खेत सबदलीपुर बाड़ीवाला के जंगल में हैं। किसानों के अनुसार यहां पिछले करीब 15 दिन से लगातार तेंदुआ दिखाई दे रहा है। जिससे किसानों में खौफ व्याप्त है, वह अपने खेतों पर भी काम करने से कतरा रहे हैं।
किसानों ने एक सप्ताह पहले वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए यहां पिंजरा लगवाने की मांग की थी। जिस पर मंगलवार दोपहर वन विभाग टीम सबदलीपुर बाड़ीवाला में पिंजरा लेकर पहुंची और यहां किसानों की मौजूदगी में उसे लगवाया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल