सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल से ही व्यापार को मिलेगी नई गति : अरविंद गुप्ता

 




लखीमपुर खीरी, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में

मितौली ब्लॉक सभागार में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में विशाल व्यापारी सम्मेलन एवं व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र भर के व्यापारियों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याओं, सुझावों और व्यापारिक हितों पर खुलकर चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और विशिष्ट अतिथि के रूप में कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू उपस्थित रहे।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि व्यापारी समाज किसी भी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ है। छोटे और बड़े सभी व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब व्यापारियों को सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक माहौल मिलेगा, तभी कारोबार को वास्तविक बढ़ावा मिलेगा।

जिलाध्यक्ष ने व्यापारियों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की ताकत से ही व्यापारी हितों की आवाज को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जा सकता है।

कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में व्यापार जगत की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनके हितों की किसी भी स्तर पर अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। स्थानीय स्तर पर आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों को व्यापारी बेझिझक साझा करें, ताकि समय रहते उनका ठोस समाधान निकाला जा सके।

सम्मेलन में संगठन की मजबूती और व्यापारी हितों की रक्षा का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष शरद बाजपेयी, जिला मंत्री अमित सिंह, जिला पंचायत प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता, उपाध्यक्ष मनमोहन मेहता, जिला महामंत्री उमेश शुक्ला सहित भारी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव