शहर के बाहर शिफ्ट हो रोडवेज बस स्टैंड, अधिवक्ता संघ ने डीएम से की मांग
बांदा, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह एडवोकेट ने वकीलों के साथ बुधवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी को ज्ञापन सौंपकर कचेहरी और कलेक्ट्रेट के समीप स्थित रोडवेज बस स्टैंड को शहर से बाहर शिफ्ट किए जाने की मांग की। साथ ही बस स्टैंड के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि रोडवेज बस स्टैंड शहर के प्रमुख मार्ग पर स्थित है और यहां प्रतिदिन सैकड़ों बसों का आवागमन होता है। बसों की आवाजाही और यात्रियों की भीड़ के कारण सुबह 10 बजे से रात नौ बजे तक मार्ग पर अक्सर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे अधिवक्ताओं के साथ ही आम शहरवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम के कारण कई लोग न्यायालय और सरकारी कार्यालयों में समय से नहीं पहुंच पाते, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है।
अधिवक्ता संघ ने बताया कि जाम की समस्या का असर स्कूली बच्चों और मरीजों पर भी पड़ रहा है। स्कूल बसों के साथ ही एंबुलेंस भी कई बार जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर परिस्थितियों में परेशानी और बढ़ जाती है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि रोडवेज बस स्टैंड के आसपास दुकानदारों और ई-रिक्शा चालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो रही है। अतिक्रमण के चलते सड़क पर आवागमन के लिए जगह कम हो जाती है और जाम की स्थिति विकराल रूप ले लेती है।
जिला अधिवक्ता संघ ने कहा कि शहरवासियों को जाम से निजात दिलाने और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए रोडवेज बस स्टैंड को शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करना आवश्यक है। संघ ने जिलाधिकारी से जनहित में बस स्टैंड को यथाशीघ्र शहर के बाहर शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया शुरू कराने तथा आसपास के अतिक्रमण को हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह