कांठ रेलवे स्टेशन पर बस रेड अभियान, 160 मामलों में 1,12,460 रुपये का वसूला जुर्माना

 


मुरादाबाद, 11 सितम्बर (हि.स.)। यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने तथा रेलवे नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुरादाबाद मंडल के कांठ रेलवे स्टेशन पर सघन बस रेड अभियान चलाया गया। जिसमें कुल 160 पेनल्टी मामलों में कार्रवाई करते हुए 1,12,460 रुपये का राजस्व/जुर्माना वसूल किया गया।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक महेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि आज रेल मजिस्ट्रेट सर्वेश मिश्रा एवं सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक एचएस मीना के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के दौरान भावेश शर्मा सीआईटी व टिकट चेकिंग टीम द्वारा रेलवे टिकट एवं यात्री नियमों के उल्लंघन की व्यापक जांच की गयी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।

अभियान में 23 चेकिंग स्टाफ, 10 आरपीएफ कर्मी एवं 07 जीआरपी कर्मी शामिल रहे। संयुक्त जांच अभियान के दौरान कुल 160 पेनल्टी मामलों में कार्रवाई करते हुए 1,12,460 रुपये का राजस्व/जुर्माना वसूल किया गया।

इसके अतिरिक्त, 09 व्यक्तियों को अभियोजन हेतु एसीजेएम मुरादाबाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के लिए सुपुर्द किया गया। यात्रियों से अपील है कि वे सदैव वैध टिकट के साथ यात्रा करें, रेलवे के नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल