गाजियाबाद में सरकारी जमीन पर बने मदरसे पर चला बुलडोजर

 


गाजियाबाद, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के डासना इलाके में अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार काे बड़ी कार्रवाई की है। मसूरी थाना क्षेत्र के कल्लुगड़ी ग्राम में सरकारी जमीन पर बने मदरसे को जिला प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने इस कारवाई की जानकारी दी।

यह कार्रवाई एक हेक्टेयर सरकारी भूमि पर बने अवैध मदरसे के खिलाफ की गई है। इस बेशकीमती जमीन पर मदरसा बनाकर गैरकानूनी ढंग से कब्जा किया गया था। तहसीलदार कोर्ट ने इस अवैध निर्माण के ध्वस्तिकरण के स्पष्ट आदेश जारी किए थे। इन आदेशों के बाद आज सुबह से ही बड़े पैमाने पर ध्वस्तिकरण अभियान चलाया गया। अवैध निर्माण को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया है। इस पूरे प्रकरण में सरकार को हुए नुकसान के लिए 1 करोड़ 23 लाख रुपये की कुल रिकवरी निकाली गई है। यह बड़ी राशि अवैध कब्जा करने वालों से सख्ती से वसूली जाएगी।

जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार गाजियाबाद में लगभग 400 मदरसे और कब्रिस्तान सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाए गए हैं। इसकी सूची अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा तैयार की गई है। हाल ही में उम्मीद पोर्टल पर ऐसे 330 वक्फ संपत्तियों का सूचीकरण निरस्त किया गया है। दावेदारों को दस्तावेज जमा करने के लिए 05 जून तक का समय दिया गया है। संभावना है कि 05 जून के बाद अवैध मदरसों पर कार्रवाई और तेज की जाएगी, जिससे कि अरबों रुपये की सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी