एक्सप्रेस-वे किनारे हो रहे अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
मथुरा, 04 फरवरी(हि.स.)। यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण (वाईईआईडीए) ने बुधवार एक्सप्रेसवे के किनारे हो रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने निर्माणाधीन होटल और विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया है।
इस कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया। यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट हेरिटेज सिटी के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों द्वारा बिना अनुमति के व्यावसायिक निर्माण किए जा रहे थे, जिनके लिए पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। ओएसडी ने स्पष्ट किया कि यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का व्यावसायिक निर्माण अवैध है। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार