बागपत में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर
बागपत, 13 नवंबर (हि.स.)। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को बड़ौत विकास क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के साथ जेसीबी मशीन से दो अनाधिकृत कॉलोनियों के निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भूखण्डों का डिमार्केशन एवं इंटर लॉकिंग मार्ग आदि विकास कार्यों को ध्वस्तीकरण मशीन से गिराया गया।
प्राधिकरण जेई अजित कुमार ने बताया कि बड़ौत के सराय रोड स्थित इण्डेन गैस गोदाम के पीछे फुरगान, धर्मवीर आदि द्वारा लगभग 15,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहीं, उसी क्षेत्र में रोहित, धर्मवीर आदि ने लगभग 8,000 वर्ग मीटर में दूसरी अवैध कॉलोनी बसाई थी। दोनों कॉलोनियों में कुल 23,000 वर्ग मीटर में हो रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को खाली कराया गया।
यह कार्रवाई शुक्रवार को उपजिलाधिकारी/उपाध्यक्ष ( प्राधिकरण) व नगर नियोजक प्रभात कुमार पॉल के निर्देशन पर की गई। अवर अभियंता अजीत कुमार, अवर अभियंता धर्मपाल सिंह एवं प्राधिकरण स्टॉफ व पुलिस बल ने अभियान चलाया। प्राधिकरण ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि विकास क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की गई अनाधिकृत कॉलोनियों में भवन/भूखण्ड क्रय न करें।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी