अवैध निर्माण पर चला केडीए का बुलडोजर, दुकानों व हॉस्टल को किया ध्वस्त
कानपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह बातें मंगलवार को विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला ने कही।
कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा प्रवर्तन जोन-2बी में कार्रवाई करते हुए काकादेव क्षेत्र में भूखण्ड संख्या-86, ब्लाक-एन पर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। यह अवैध निर्माण श्री हरीश चन्द्र द्वारा कराया गया था, जिन्होंने लगभग 350 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में चार व्यवसायिक दुकानों और 17 कमरों का हॉस्टल बिना स्वीकृति के बना लिया था।
प्राधिकरण की टीम ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को तीन जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए कई थानों की भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रही।
इस अभियान का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी सत् शुक्ला ने किया। कार्रवाई में अवर अभियंता कैलाश सिंह, प्रवर्तन दल, सुरक्षा कर्मी एवं अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप