कानपुर में बुढ़वा मंगल पर मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, पनकी धाम में लगीं लंबी कतारें

 




कानपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में बुढ़वा मंगल पर शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पनकी पंचमुखी हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगीं। भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मियों के साथ यातायात पुलिस की भी तैनाती रही। जगह-जगह बैरिकेडिंग और बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया।

पनकी मंदिर में मंगला आरती के बाद कपाट खुले तो दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार बढ़ता गया। पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की अलग-अलग कतारें लगाई गईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास के रास्ते तय किए गए। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से भीड़ पर नजर रखी गई। पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ाते रहे। किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर रास्तों को नियंत्रित किया गया।

मंदिर में श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के जयकारे लगाए और भजन-कीर्तन किए। पनकी पंचमुखी हनुमान मंदिर को शहर के प्राचीन और प्रमुख धार्मिक स्थलों में माना जाता है। मान्यता है कि यहां विराजमान बजरंगबली की प्रतिमा दिन में तीन बार रंग बदलती है। इसी आस्था के चलते बुढ़वा मंगल पर दूर-दूर से भक्त दर्शन के लिए पहुंचे।

इसके अलावा जूही-हमीरपुर रोड स्थित बड़ा हनुमान मंदिर, संकटमोचन हनुमान के नाम से प्रसिद्ध श्री बालाजी दक्षिणेश्वर मंदिर और कुढ़नी हनुमान मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। इन मंदिरों में भी पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की गई। भीड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था की गई।-------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप