बुवि के रुद्र रावत करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद

 


--विश्वविद्यालय व बुन्देलखण्ड के युवाओं में उत्साह का माहौल

झांसी, 10 अप्रैल (हि.स.)। जालौन और पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के छात्र रुद्र रावत का चयन “MY Bharat Budget Quest 2026” के फाइनल राउंड के लिए हुआ है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के तहत उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद करने का अवसर मिलेगा। यह संवाद कार्यक्रम 12 और 13 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सभी प्रतिभागियों को 11 अप्रैल तक लखनऊ पहुंचना है।

इस प्रतियोगिता में देश भर से 12 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच रुद्र रावत ने अपने ज्ञान, विश्लेषण क्षमता और प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर फाइनल में जगह बनाई। रुद्र रावत जालौन जिले के पिरौना गांव के निवासी हैं और वर्तमान में पर्यावरण विज्ञान के छात्र हैं। वे सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अपनी इस उपलब्धि को उन्होंने अपने परिवार, विश्वविद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान बताया है।

रुद्र का कहना है कि यह अवसर केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड की आवाज़ को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का माध्यम है। इस संवाद के दौरान वे देश के बजट, युवाओं की भूमिका, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रधानमंत्री के समक्ष रखेंगे।

इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है। शिक्षक और छात्र सभी रुद्र को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वे अपने विचारों से क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवा भी अपने परिश्रम और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया