इंडिया टुडे-एमडीआरए रैंकिंग 2026 में बुवि के भास्कर इंस्टीट्यूट को राष्ट्रीय पहचान
देश में 42वीं और उत्तर प्रदेश के शीर्ष पांच मीडिया संस्थानों में बनाई जगह
झांसी, 28 जून (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भास्कर इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज्म (बीआईएमसीजे) ने मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया टुडे-एमडीआरए बेस्ट कॉलेजेस रैंकिंग-2026 में पहली बार शामिल होकर देशभर में 42वीं रैंक प्राप्त की है। स्नातक मास कम्यूनिकेशन एवं जर्नलिज्म श्रेणी में संस्थान ने देश के शीर्ष 50 संस्थानों में स्थान बनाया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के शीर्ष पांच मीडिया संस्थानों में भी अपनी जगह सुनिश्चित की है। इस उपलब्धि के बाद संस्थान आईआईएमसी नई दिल्ली, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय और मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ कम्युनिकेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की श्रेणी में शामिल हो गया है।
इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने रविवार काे कहा कि यह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और गुणवत्ता आधारित शिक्षा का प्रमाण है। वहीं आईक्यूएसी निदेशक प्रो. सुनील कुमार काबिया ने इसे संस्थान के लिए असाधारण उपलब्धि बताते हुए पूरी टीम की सराहना की। संस्थान के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने सफलता का श्रेय डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. राघवेंद्र दीक्षित तथा शोधार्थियों देवेंद्र और अतीत विजय के सामूहिक प्रयासों को दिया। यह रैंकिंग शैक्षणिक गुणवत्ता, फैकल्टी, आधुनिक संसाधनों, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट, आरओआई और राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की प्रतिष्ठा जैसे मानकों के आधार पर प्रदान की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया