रंगमधु-2026’ का भव्य समापन, 64 महिला चित्रकारों को मिला ‘मधुश्री सम्मान’

 


झांसी, 13 जून (हि.स.)। ललित कला संस्थान, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी एवं राजकीय संग्रहालय झांसी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार काे वरिष्ठ चित्रकार एवं लोक कलाविद् डॉ. मधु श्रीवास्तव की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय महिला चित्रकला प्रदर्शनी ‘रंगमधु-2026’ का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सम्मान समारोह के साथ हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ कामिनी बघेल, किशन सोनी, राकेश चरण, जगदीश लाल, डॉ. महेंद्र वर्मा, डॉ. प्रमोद दीक्षित, शांति दीक्षित एवं विनोद जी द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर तथा अंशुल सक्सेना एवं साथी कलाकारों की सरस्वती वंदना से किया गया।

कार्यक्रम का संचालन अमर सोनी ने किया। मुख्य वक्ता डॉ. श्वेता पाण्डेय ने कला के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिला कलाकारों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान प्रदर्शनी की विवरण पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।

सांगीतिक प्रस्तुतियों में अंशुल सक्सेना, अशोक मधुर, बृजेश शर्मा, जनमेजय सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार दीक्षित, पंडित गौरीशंकर सिरवैया, अंशुल टुकवार, प्रांजल वर्मा, श्रेया गोस्वामी तथा गौरी सक्सेना ने शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह में प्रदर्शनी में सहभागी 64 महिला चित्रकारों को उनकी कला-साधना एवं रचनात्मक योगदान के लिए ‘मधुश्री सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. अजय कुमार गुप्ता, डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. पुनीत श्रीवास्तव, राजेन्द्र सिंह, प्रवीण सिंह राजा, दिनेश श्रीवास्तव, सलोनी झा, अपूर्व श्रीवास्तव एवं प्राची खरे सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा। अंत में डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया