बुवि : तीन दिवसीय ‘राष्ट्रीय पुस्तक मेला’ 28 मार्च से

 


--50 से अधिक प्रकाशक एक लाख से अधिक पुस्तकों के साथ ले रहे भाग

झांसी, 27 मार्च (हि.स.)। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय ‘राष्ट्रीय पुस्तक मेला’ का शुभारम्भ 28 मार्च से हो रहा है, जो 30 मार्च तक चलेगा। इस का संचालन अधिष्ठाता कला संकाय, हिन्दी विभाग एवं बुन्देली विरासत दीर्घा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। मेले में 50 से अधिक प्रकाशक एक लाख से अधिक पुस्तकों के साथ भाग ले रहे हैं, जिससे यह आयोजन क्षेत्र का एक प्रमुख साहित्यिक केंद्र बन गया है।

मेले में साहित्य, इतिहास, अनुवाद, विवेकानन्द एवं गांधी दर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं, गणित, भूगोल, अर्थशास्त्र, व्यक्तित्व विकास, धर्म, अध्यात्म तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति आधारित पाठ्यक्रमों की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।

प्रमुख प्रकाशकों में राजकमल प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, प्रभात प्रकाशन, सर्वभाषा ट्रस्ट प्रकाशन, अनंग प्रकाशन, यश पब्लिकेशन्स, सत्यम प्रकाशन, विकल्प प्रकाशन, स्याही ब्लू बुक्स, प्रलेक प्रकाशन, समय साक्ष्य, विकास प्रकाशन, अमन प्रकाशन, आराधना ब्रदर्स, लोकभारती प्रकाशन, मयूर पेपर बैक्स, राधाकृष्ण प्रकाशन, नवशिला प्रकाशन, पंकज बुक्स शामिल हैं।

मेला संयोजक प्रो. पुनीत बिसारिया के अनुसार, पुस्तक मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है। मेले का एक विशेष आकर्षण ‘लेखक से भेंट’ कार्यक्रम होगा, जिसमें चर्चित लेखक पाठकों के सवालों का उत्तर देंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन बुन्देली सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

सह संयोजक डॉ. श्रीहरि त्रिपाठी ने बताया कि उद्घाटन समारोह 28 मार्च को उत्तर प्रदेश बौद्ध अध्ययन संस्थान के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री हरगोविन्द कुशवाहा के मुख्य आतिथ्य तथा कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय की अध्यक्षता में होगा। इसी दिन कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। 29 मार्च को कवयित्री सम्मेलन तथा 30 मार्च को समापन समारोह आयोजित होगा।

पुस्तक मेले को सफल बनाने के लिए प्रो. मुन्ना तिवारी, डॉ. अचला पाण्डेय, डॉ. नवीन चन्द पटेल, डॉ. विपिन प्रसाद, डॉ. सुनीता वर्मा, डॉ. प्रेमलता, डॉ. सुधा दीक्षित, डॉ. द्युतिमालिनी, मनीष मण्डल, रजनेश कुमार, विशाल शर्मा, अफ़साना, भावना, शिवानी, कल्पना, पर्वत कुमार, प्रदीप, करन, अंकित, चाहत, आकाश तथा अनेक शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों की टीम कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया