एथेनॉल पेट्रोल के नाम पर 110 रुपये में बेचा जा रहा है गन्ने का रस : आकाश आनंद
सादाबाद में आयोजित चुनावी रैली में बसपा के राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर आकाश ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को कहा अंकल
बसपा ने सादाबाद के उत्सव गार्डन से किया चुनावी शंखनाद का आगाज
हाथरस, 10 अगस्त (हि.स.)। जनपद के सादाबाद में बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने सोमवार को उत्सव गार्डन में चुनावी रैली की। उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी को अंकल कहकर बुलाया। कहा- मैं 30 साल का हूं और अखिलेश जी 50 के। मैं 50 साल के वृद्ध को अंकल नहीं तो और क्या कहूंगा। हालांकि, अखिलेश 53 और राहुल 56 साल के हैं।
आकाश ने कहा- राहुल अंकल एक किताब लेकर घूमते हैं। संविधान की बात करते हैं। अगर किताब पलट दी जाए तो पता चलेगा कि उसके पन्ने खाली हैं। वे संसद में संविधान की बात करते हैं, लेकिन जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां वही काम कर रहे, जो भाजपा यूपी में कर रही है। आकाश ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि एथेनॉल पेट्रोल के नाम पर 110 रुपए में गन्ने का रस बेच रहे हैं।
देश में बेकार एक्सप्रेस-वे बनाए जा रहे हैं। भाजपा सांसद के भाई ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे बनवाया, क्या उसमें इन्हें भ्रष्टाचार की बू नहीं आ रही? यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक भी गड्डा नहीं, यह मायावती जी के शासन में बना था। बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश ने कहा- यूपी में 2017 से भाजपा की सरकार है। इतने सालों में इन्होंने सिर्फ अपनी कमियां छिपाने का काम किया। आपके सात हजार करोड़ रुपये से ज्यादा टैक्स के पैसों से भाजपा ने सिर्फ अपना प्रचार किया। इन पैसों से भाजपा ने अपनी कमियां छिपाईं। झांसी के अस्पताल में नवजात बच्चों की मौत हो गई। उनके लिए इनके पास अफसोस करने के अलावा और कुछ नहीं है। ये 7000 करोड़ से अपनी कमियां छिपा सकते हैं। लेकिन, झांसी में जो अस्पताल में 10 से ज्यादा बच्चे जो जलकर मर गए, उनके लिए सिर्फ अफसोस कर सकते हैं। भाजपा की आदत दूसरों के काम पर अपना झंडा लगाने की है। काम किसी और का, फीता ये लोग काटते हैं। ये हाल तब है, जब डबल इंजन की सरकार है। चार लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली पड़े हैं। पेपर लीक हो रहे हैं। अगर यह पैसा व्यवस्था सुधारने पर खर्च होता, तो आज बच्चे सरकारी नौकरी पा रहे होते। अगर विज्ञापनों पर खर्च होने वाला पैसा परीक्षाओं को बेहतर बनाने और पेपर लीक रोकने में लगाया जाता, तो कई युवाओं को नौकरी मिल सकती थी।
आगे कहा, भाजपा सरकार न बहनों को सुरक्षित रख पाई, न रोजगार और न ही बेहतर शिक्षा दे सकी। 25 हजार से अधिक स्कूल बंद किए गए, जिनमें गरीब और वंचित समाज के बच्चे पढ़ते थे। 2014 में गैस सिलेंडर 400 रुपये का हुआ करता था। उस समय इनके सभी नेता सड़क पर उतरकर गैस सिलेंडर सिर पर रखकर छाती पीटते हुए कहते थे- अरे, महंगाई। आज सिलेंडर 1,200 रुपये का है। आपके लिए भाजपा सरकार की असलियत जानना जरूरी है। विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। ये लोग फिर से झूठे वादे लेकर आएंगे। लेकिन, अब पिछले 10 साल का हिसाब मांगने का समय आ रहा है। इनसे 10 साल का हिसाब मांगना और कहना कि हमारे लिए क्या काम किया है? अब हमें इस सरकार को उखाड़ फेंकना है। आकाश आनंद ने आज हाथरस की सादाबाद सीट से डॉ. अविन शर्मा को बसपा प्रत्याशी घोषित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना