आउटसोर्सिंग-संविदा के खिलाफ बसपा प्रमुख मायावती, एनआरएचएम संविदा कार्मिकों को नियमित करने की मांग उठाई

 




लखनऊ, 14 अक्टूबर (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने लंबे समय से सरकारी विभागों में अस्थायी तौर पर नौकरी करने वाले लोगों को स्थायी करने की मांग राज्य सरकार से की है। बसपा वैसे भी सरकारी तंत्र में आउटसोर्सिंग एवं संविदा आदि की शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध है। मायावती की मांग है कि एनआरएचएम संविदाकार्मिकों को भी स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाये।

बसपा प्रमुख ने बुधवार को साेशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अभी हाल ही में अगले छह महीने के अन्दर एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। किन्तु यह बेहतर होता कि जिन भी सरकारी विभागों में अस्थायी तौर पर लोग वर्षों से कार्यरत हैं, उन्हें भी स्थायी नौकरी की व्यवस्था में शामिल किया जाये।

उन्होंने आगे लिखा कि वैसे भी बसपा खासकर सरकारी तंत्र में आउटसोर्सिंग एवं संविदा आदि की शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध है। इसीलिये पार्टी की मांग है कि सरकारी नौकरी बहाली के क्रम में एनआरएचएम के अन्तर्गत विगत अनेक वर्षों से निरन्तर सेवा दे रहे है समस्त एनआरएचएम संविदाकार्मिकों को भी स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाये तो यह उचित होगा। जो वे लोग अपने स्थायीकरण आदि की माँगों के समर्थन में पिछले कई दिनों से लखनऊ के ईको गार्डेन के पास धरना पर हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक