बीएससी पांचवें सेमेस्टर की उत्तर पुस्तिकाओं की होगी पुनः जांच, 10 दिन में रिपोर्ट: विनोद कुमार

 


जौनपुर,05 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएससी पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के शनिवार को धरना-प्रदर्शन के बाद बड़ा निर्णय लेते हुए उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच कराने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि छात्रों का विरोध परीक्षा परिणाम अपूर्ण होने को लेकर नहीं, बल्कि अपेक्षा से कम अंक मिलने के कारण था।बताया गया कि 4 अप्रैल 2026 को छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रत्यावेदन सौंपा था, जिसमें उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग की गई थी। छात्रों का कहना था कि उन्हें उम्मीद से कम अंक प्राप्त हुए हैं, जिससे वे असंतुष्ट हैं। इस संबंध में रविवार को जानकारी लेने पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह बताया कि कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, प्रत्येक विषय के लिए दो-दो विशेषज्ञों की समितियां गठित की गई हैं। इन समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे 10 कार्य दिवस के भीतर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके बाद आवश्यकतानुसार संशोधित परिणाम जारी किए जाएंगे।विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ मीडिया माध्यमों में यह खबर प्रसारित की गई थी कि छात्र अपूर्ण परिणाम के विरोध में धरना दे रहे थे, जो कि तथ्यात्मक रूप से गलत है। प्रशासन के अनुसार, धरने का मुख्य कारण केवल कम अंक मिलने को लेकर असंतोष था।विश्वविद्यालय ने भरोसा दिलाया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएगी और जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही छात्रों को उनके परिणामों के संबंध में सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव