एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर अमेठी पहुंचे सलमान खान

 






अमेठी, 30 सितंबर (हि.स.)। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में नौकायन (Rowing) प्रतियोगिता में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले अमेठी के स्टार एथलीट सलमान खान बुधवार को अपने गृह जनपद पहुंचे। जनपद में प्रवेश करते ही क्षेत्रवासियों ने वाहनों के काफिले के साथ उनका ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फुरसतगंज पहुंचने पर सलमान खान से मिलने और उन्हें बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। इसके बाद फुरसतगंज थाना क्षेत्र के खैरहना गांव स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचने पर ग्रामीणों, युवाओं और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। धिगईं मजरे खैरहना गांव में जगह-जगह उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की। युवाओं में सलमान खान के साथ तस्वीर लेने और उनसे मिलने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। एशियन गेम्स में तिरंगा फहराकर लौटे सलमान खान की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि सलमान ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर खैरहना गांव और अमेठी के साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है।

अपने आत्मीय स्वागत से अभिभूत सलमान खान ने सभी क्षेत्रवासियों का आभार जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता के आशीर्वाद, कोच के मार्गदर्शन और देशवासियों के प्यार एवं समर्थन की बदौलत संभव हुई है। उन्होंने गांव के प्रतिभावान युवाओं से खेलों में आगे आने और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ प्रयास करने की अपील की। सलमान की उपलब्धि को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह है और उन्हें अमेठी की नई खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी