बृज की माताएं हुईं योगमयी: कृष्ण कुटीर वृद्धाश्रम में आयुष विभाग ने कराया योगाभ्यास
मथुरा, 04 जून (हि.स.)। आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन को लेकर आयुष विभाग की तैयारियां पूरे बृज क्षेत्र में जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष के योग समारोह का मुख्य उद्देश्य बृजवासियों को स्वस्थ आयु और निरोग जीवन के प्रति जागरूक करना है।
इसी कड़ी में आयुष विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. डिगम्बर सिंह के दिशा-निर्देशन और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) अखिलेश कुमार विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में गुरूवार 'कृष्ण कुटीर वृद्धाश्रम' में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया।
इस योग सत्र में आयुष विभाग की योग प्रशिक्षिका शन्नो शुक्ला द्वारा वृद्धाश्रम की वृद्ध माताओं को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षिका ने माताओं को ढलती उम्र में योग के महत्व और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी विस्तार से समझाया। योग सत्र के दौरान संस्था की माताओं के साथ-साथ वहां के प्रबंधकगण और अन्य स्टाफ ने भी बेहद प्रफुल्लित और उत्साहपूर्ण मन से प्रतिभाग किया। माताओं के इस अद्भुत उत्साह और प्रदर्शन को देखकर आयुष विभाग की टीम को भी गहरा संतोष और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
इस अवसर पर विभाग की ओर से संदेश दिया गया कि आज के इस आधुनिक दौर में हर इंसान सांसारिक और भौतिक संसाधनों को जुटाने में लगा हुआ है। अपने जीवन को सुगम बनाने की इस अंधी दौड़ में लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति दृष्टिकोण को भूलते जा रहे हैं।
उम्र के साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में आने वाले बदलावों को योग के माध्यम से ही संतुलित रखा जा सकता है। चाहे बच्चा हो या वृद्ध, आज के समय में कोई भी योग के महत्व से अछूता नहीं रह सकता। ऐसे में हम सभी को योग की तरफ कदम बढ़ाना चाहिए ताकि बढ़ती उम्र को एक 'स्वस्थमय आयु' और जीवन को संतोषमय बनाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार