हम सोच समझकर बोलते है, यूजीसी न आया है न आएगा : ब्रजभूषण सिंह
बागपत, 01 नवंबर (हि.स.)। बागपत में क्षत्रिय स्वाभिमान महासम्मेलन में पहुंचे पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। बृजभूषण ने कहा है कि हम जो बोलते है सोच समझकर बोलते है, यूजीसी न तो आया है और न आएगा। आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी को विदेशों से फंडिंग मिल रही है और उसके आंदोलन विदेशी फंडिंग से संचालित हो रहे हैं। 55 केे युवा राहुल बंदर की भांति उछल कूद कर रहे है।
बागपत के सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के मैदान में रविवार को आयोजित सम्मेलन में उन्होंने यूजीसी और विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यूजीसी न आया है और न आगे आएगा। बृजभूषण ने कहा कि कुछ लोग वाई-प्लस सुरक्षा लेकर घूम रहे हैं और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को गाली देकर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के युवा नेता अब 55 साल के हो गए हैं। लेकिन उनको समझ नहीं है, अगर वह विपक्ष की भूमिका सही निभाते तो देश और तरक्की करता, लेकिन वह तो बंदर की भांति इधर से उधर-उछल कूद कर रहे हैं। उन्होंने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि मैं यहां से जाने वाला हूं, कार्यक्रम अभी और चलेगा। मेरे पीछे मत चल देना। कम शब्दों में वह इशारा कर गए कि अगर भाजपा समाज का सम्मान नहीं करती है तो समाज को अपने हित में कोई भी फैसला लेने का हक है। वह समाज के साथ हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांस्कृतिक मंत्री की रही उपस्थिति
महासम्मेलन में अंतर्राष्ट्रीय राजपूत सांसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर शिवराज सिंह शक्तावत, ठिकाना कुंचलवाड़ा, मेवाड़, तथा राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंत्री ओमकार सिंह राठौड़ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने समाज को एकता का संदेश दिया।
शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक भागीदारी पर जोर
महासम्मेलन का उद्देश्य राजपूत समाज को एक साझा मंच प्रदान करना तथा शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक समानता और सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद को आगे बढ़ाना रहा। वक्ताओं ने नई पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने, युवाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने और समाज के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया।
आयोजन की सफलता में राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा मोर्चा प्रयाग राणा मीतली के साथ अंकुश चौहान, विकास चौहान, अक्षय चौहान, प्रशांत खट्टा, मास्टर रमेश मीतली, अजय चौहान, प्रबंधक भूपेंद्र चौहान, सुखबीर सिंह गठिना,सहित अनेक सहयोगियों की भूमिका की सराहना की गई। कार्यक्रम में अजयवीर प्रधान, चौधरी जयद्रथ सिंह, मानवेंद्र सिंह स्नातक खंड आगरा, दीपक सोम किसान नेता, अजय सोम राष्ट्रीय अध्यक्ष राजपूत उत्थान सभा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी