ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
फर्रुखाबाद, 09 अक्टूबर (हि .स.)। स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़ में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, दौड़ प्रतियोगिता तथा अत्याधुनिक जिम का भव्य उद्घाटन समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग एवं श्रम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान चलाया गया। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए व्यसनमुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। साथ ही, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के देखरेख में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के धावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अत्याधुनिक जिम का हुआ उद्घाटन
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्थापित जिम के नवीनीकरण (जीर्णोद्धार) कार्य पूर्ण होने के उपरांत इसका शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा फीता काटकर किया गया। जिम के शुरू होने से स्थानीय धावकों एवं अन्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिटनेस सुविधाएं स्टेडियम परिसर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
दौड़ प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और चमचमाती शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के साथ श्रम आयुक्त, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला व्यायाम शिक्षक, खेल प्रशिक्षक (कोच) तथा बड़ी संख्या में व्यायाम शिक्षक, खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर