मुरादाबाद में पांच हजार से अधिक स्थानों पर विराजे विघ्नहर्ता

 








मुरादाबाद, 14 सितम्बर (हि. स.)। जनपद में सोमवार को भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणपति भगवान का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पूरे जिले में पांच हजार से अधिक स्थानों पर विघ्नहर्ता की प्रतिमा विधि विधान के साथ विराजमान हुई, जिससे पूरी पीतलनगरी गणपतिमय हो गई। प्रतिमा विराजमान से पूर्व श्रद्धालुओं ने धूमधाम से गाजे बाजे के साथ शोभायात्राएं निकाली। नाचते-गाते हुए अबीर-गुलाल उड़ाया।

मुरादाबाद महानगर में सैकड़ों मंदिर और हजारों घरों में गणेश प्रतिमा विराजमान हुए हैं। सभी श्रद्धालु अनंत चतुर्दशी तक सुविधा अनुसार गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन मुरादाबाद में रामगंगा, उत्तराखंड के हरिद्वार गढ़मुक्तेश्वर (ब्रजघाट) में विसर्जन करेंगे।

इसके अलावा मंडी चौक स्थित अताई स्ट्रीट, गणपति चौक घास मंडी, जीलाल स्ट्रीट, रामगंगा विहार जीएमडी रोड, कोठीवाल नगर, डबल फाटक, जयंतीपुर, कटघर, लाजपत नगर, गांधीनगर, डिप्टी गंज, सिविल लाइन, हरथला, आशियाना, दीनदयाल नगर, हिमगिरी कॉलोनी, चंद्रनगर, बुद्धि विहार, लाइनपार आदि स्थान पर सामूहिक रूप से गणपति उत्सव के बड़े आयोजन हो रहे हैं। इन सभी स्थानों से भी अनंत चतुर्दशी तक धूमधाम से विसर्जन यात्रा निकालकर विघ्नहर्ता की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल