एनएमओ के पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ की बैठक

 


लखनऊ, 07 सितंबर (हि.स.)। नेशनल मेडिकोज आर्गेनाइजेशन के प्रादेशिक प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ बैठक की। आईएमए के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य कर्मियों, छात्रों एवं चिकित्सकों के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया । उसके साथ-साथ इंटर्न छात्रों के वेतन बढ़ाए जाने और नॉन पी जी रेजिडेंट्स के वेतन में एकरुपता के लिए किये जा रहे प्रयासों के लिए विशेष धन्यवाद की ज्ञापित किया।

बैठक में चिकित्सा शिक्षा विभाग में महानिदेशक की नियुक्ति पर वरिष्ठ चिकित्सा शिक्षक को नियुक्त किए जाने, चिकित्सकों के लिए प्रशिक्षण एवं शोधपत्र प्रस्तुति के लिए कॉन्फ्रेंस एवं रिसर्च अलाउंस दिए जाने, पे प्रोटेक्शन का लाभ दिए जाने व विभिन्न चिकित्सालयों को यूपीएमअससीअल द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मेडिसिन्स की मात्रा को बढ़ाए जाने पर चर्चा की गयी। इसी प्रकार निजी चिकित्सकों एवं पीएमएस से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रस्तुत किया गया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी विषयों पर सकारात्मक कार्य करने का आश्वासन दिया एवं कुछ विषयों को तत्काल हल किए जाने हेतु सक्षम अधिकारियों को निर्देश जारी किया। इसी प्रकार ऑटिज्म के बढ़ते प्रभावों को देखते हुए प्राथमिकता से चिकित्सा संस्थाओं में इससे सम्बन्धित डाक्टरों और स्टाफ के भर्ती पर भी पहल करने के लिए कहा गया।

बैठक में नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य क्रमशः प्रोफेसर विश्वम्बर सिंह एवं डॉ भूपेंद्र सिंह थे। इस बैठक में एनएमओ पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र के महामंत्री डॉ विनोद, मेरठ प्रांत के अध्यक्ष प्रोफेसर ज्ञानेश्वर टोंक, अवध प्रांत के संगठन मंत्री डॉ. कपिल शर्मा एवं डॉ जयराम, कानपुर प्रांत की अध्यक्षा प्रोफेसर आरती लाल चंदानी, गोरक्ष प्रांत के महामंत्री डॉ अमित सिंह, एनएमओ पूर्वी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ कमलाकर सिंह, एनएमओ काशी के सचिव डॉ. राजेश राय, सेवा भारती से जुड़े डॉ. अतुल सिंह उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन