ब्रह्मानंद पहलवान हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पत्नी ने किया आत्मदाह का प्रयास
संतकबीरनगर, 22 अक्टूबर (हि.स.)।
ब्रह्मानंद पहलवान हत्याकांड में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और पहलवानों ने जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। परिजनों का कहना है कि मामले में 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है लेकिन अब तक केवल आठ लोगों की ही गिरफ्तारी हुई है दो महिलाओं समेत पांच अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन नाराज हैं और लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
धरने के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब परिजनों को समझाने के लिए सीओ और इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। इसी दौरान ब्रह्मानंद पहलवान की पत्नी ने अपने ऊपर ज्वलनशील तरल पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया, जिससे कोई अनहोनी नहीं हुई। इस घटना के बाद मौके पर तनाव और बढ़ गया।
वहीं, पहलवान साधु यादव के धरनास्थल पर पहुंचने के बाद आंदोलन ने और जोर पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और पहलवानों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। परिजनों का कहना है कि जब तक शेष पांच आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
डीएम कार्यालय पर धरने के दौरान परिजनों और पहलवानों ने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्य मांग मामले में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी है। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने के प्रयासों के बावजूद धरना जारी रहा।
मामले को लेकर पुलिस कप्तान संदीप कुमार मीणा बताया कि घटना में काफी संख्या में गिरफ्तारी कर ली गई है, टीमें गठित हैं गिरफ्तारी जल्द हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी