कुएं में उतराता मिला युवक का शव
हमीरपुर, 10 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के टीहर गांव में गुरुवार को एक युवक का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान हेमंत यादव (30) पुत्र जगदेव यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम हेमंत के पिता जगदेव यादव ने पुलिस चौकी पहुंचकर बेटे की गुमशुदगी की तहरीर दी थी,जो सोमवार से घर नहीं आया था।। गुरुवार को गांव के कुछ लोग प्रभात फेरी के लिए निकले थे, इसी दौरान उन्हें कुएं के पास से दुर्गंध महसूस हुई। लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो अंदर युवक का शव उतराता दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही हेमंत के पिता ने बिवांर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर जांच-पड़ताल शुरू की। घटनास्थल रामलीला मैदान के पास बताया जा रहा है। हेमंत की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता ने बताया कि हेमंत का एक तीन वर्ष का एक बेटा भी है। बताया कि मृतक हार्वेस्टर चलाता था। पिता की मौत के बाद मासूम बच्चे से पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने दबी जुबां बताया कि युवक शराब पीकर पत्नी और घर वालों से अक्सर झगड़ता था इसी वजह से कुछ दिनों पहले पत्नी मायके चली गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने गुरुवार को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, पता चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा