तीन दिन से लापता युवक का तालाब में मिला शव

 


हमीरपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के मसगवां गांव में तीन दिन पहले लापता हुए एक युवक का शव शनिवार को तालाब में उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

जानकारी के अनुसार मसगवां निवासी बॉबी राजपूत (18) पुत्र रोहित सिंह तीन दिन पहले घर से लापता हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं लग सका। शनिवार को गांव के तालाब में बॉबी का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकवाया। युवक की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। परिजनों ने बताया मानसिक रूप से कमजोर था। कोतवाल अनूप कुमार सिंह ने शनिवार को शाम बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा