रामगढ़ताल में युवक का मिला शव, दाे दिन से था लापता
गोरखपुर, 13 जून (हि.स.)। कैंट थाना क्षेत्र के रामगढ़ताल में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने तालाब में शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को ताल से बाहर निकलवाया और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
कुछ समय बाद कैंट थाने पहुंची एक महिला ने अपने पति के लापता होने की सूचना दी। पुलिस जब उसे मोर्चरी लेकर पहुंची तो महिला ने शव की पहचान अपने पति रोहित साहनी (36) निवासी मोहद्दीपुर तुर्कमानी टोला के रूप में की।
परिजनों के मुताबिक रोहित साहनी घर पर रहकर सिलाई का काम करते थे और अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी पिंकी साहनी ने बताया कि गुरुवार शाम किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद रोहित नाराज होकर घर से निकल गए। तब से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। परिजनों और रिश्तेदारों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, मृतक की पत्नी पिंकी साहनी ने अपने साढ़ू पर संदेह जताते हुए कहा कि उनके पति की मौत के पीछे उसका हाथ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इस आरोप को जांच के दायरे में लेते हुए सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल शुरू कर दी है।
सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी कैंट अरुणकुमार एस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय