रामगंगा नहर में डूबे किशोर का अगले दिन मिला शव, दोस्तों के साथ गया था नहाने
कानपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्ममंगतपुर गांव के पास शनिवार को रामगंगा नहर में नहाते समय डूबे किशोर शनि का शव रविवार को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर बरामद हुआ। हादसे के बाद पुलिस और गोताखोरों ने कई घंटे तक नहर में तलाश की थी, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था। आज दोबारा तलाश शुरू होने पर शव बरामद हुआ।
कटरा फरहासन गांव निवासी संतोष कुमार निषाद का पुत्र शनि श्री सीताराम सजनी देवी शिक्षण संस्थान में कक्षा दसवीं का छात्र था। परिजनों के मुताबिक शनि रोज की तरह स्कूल गया था। छुट्टी होने के बाद वह दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान धर्ममंगतपुर गांव के पास दोस्तों के साथ रामगंगा नहर में नहाने के लिए रुक गया। सभी साथी नहर में नहा रहे थे, तभी शनि अचानक नहर के गहरे हिस्से में चला गया और तेज बहाव में डूबने लगा।
साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू की। घटना की सूचना परिजनों को भी दी गई। बेटे के नहर में डूबने की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नहर में किशोर की तलाश शुरू कराई। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चला। अंधेरा होने के बाद नहर में पानी के तेज बहाव के कारण अभियान रोकना पड़ा।
रविवार काे पुलिस और स्थानीय लोगों ने एक बार फिर नहर के आसपास किशोर की तलाश शुरू की। इसी दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर नहर में शनि का शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी दीना नाथ मिश्रा ने बताया कि शनिवार को नहर में डूबे किशोर का शव रविवार को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मिला है। किशोर दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप