दुबई से एक माह बाद गांव पहुंचा गंगादीन का शव, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

 


- सांसद बोले, प्रशासन की संवेदनहीनता का मामला लोकसभा में उठाऊंगा

अयोध्या, 07 मई (हि.स.)। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के मेहंदी चंदौरा गांव में उस समय मातम पसर गया, जब दुबई के शारजाह से एक माह बाद युवक गंगादीन का शव गांव पहुंचा। 23 वर्षीय गंगादीन पुत्र सोहनलाल का शव गुरूवार सुबह करीब नौ बजे गांव लाया गया। शव देखते ही परिजन व ग्रामीण दहाड़े मारकर रो पड़े। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो उठा।

बताया गया कि गंगादीन दुबई के शारजाह में रहकर काम करता था। उसकी मृत्यु के बाद करीब एक महीने की लंबी प्रक्रिया के बाद शव लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा, जहां रुदौली के पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी ‘रूश्दी मियां’ ने शव रिसीव किया और स्वयं उसे लेकर पैतृक गांव मेहंदी चंदौरा पहुंचे। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था तथा उसका विवाह नहीं हुआ था। युवा बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

अंतिम संस्कार में अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद, उनके पुत्र अजीत प्रसाद, पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी रूश्दी मियां, भाजपा विधायक चंद्रभानु पासवान, सपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव, हैरिंग्टनगंज ब्लॉक प्रमुख अंकुर सेन यादव, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव के पुत्र आलोक चंद यादव, नन्द कुमार तिवारी, पवन राजपूत, विवेक लोधी, रंजीत विश्वकर्मा समेत लोधी समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र के प्रधान, बीडीसी सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी भारी भीड़ रही।

इस दौरान सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इतने बड़े दु:ख की घड़ी में तहसील प्रशासन का कोई प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस मामले को वह लोकसभा में उठाएंगे और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए विदेश मंत्रालय से भी बात करेंगे। सांसद ने कहा कि गंगादीन एक कुशल कारीगर था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। ऐसे में सरकार को परिवार की हरसंभव मदद करनी चाहिए। हालांकि अंतिम संस्कार के दौरान थाना खंडासा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय