गोर्रा नदी में डूबे युवक का शव बरामद

 

देवरिया, 28 अप्रैल (हि.स.)। गोर्रा नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मंगलवार को उसका शव नदी में उतराता मिला, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम विट्ठलापुर निवासी सद्दाम हुसैन रविवार को अपने दोस्त और भाई मोहम्मद हुसैन के साथ डहरौली बुजुर्ग गांव स्थित गोर्रा नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद परिजन और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन रविवार को उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

मंगलवार को युवक का शव नदी में उतराता दिखा। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

उप निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया ।पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक