घर से लापता युवक का बगीचे में मिला शव

 


जौनपुर,14 अगस्त (हि.स.) यूपी के जौनपुर स्थित जफराबाद थाना क्षेत्र के बिहरोजपुर गांव निवासी 26 वर्षीय युवक का शव गांव के एक बगीचे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवक के लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव निवासी साहबलाल मौर्य का पुत्र रामजनक मौर्य गुरुवार को घर से कहीं चला गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को परिजनों ने पुलिस को सूचना देते हुए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ घंटे बाद परिजनों को जानकारी मिली कि रामजनक का शव गांव के एक बगीचे में मिला है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस मामले में जानकारी लेने पर थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि युवक गुरुवार से लापता था। शुक्रवार को परिजनों की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज की गई थी। देर शाम उसका शव बगीचे में मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में युवक पर कर्ज होने की बात सामने आई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव