पांचवें दिन मिला लापता महिला का नदी में क्षत-विक्षत शव
अमेठी, 27 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जनपद अंतर्गत थाना संग्रामपुर क्षेत्र के पूरे दुबान मजरे गोरखापुर निवासी विद्या देवी पत्नी सुरेंद्र प्रताप दुबे का क्षत-विक्षत शव गुरुवार को मालती नदी में सरैया पड़ान के पास वैकल्पिक लकड़ी बांध में फंसा मिला। महिला पांच दिनों से लापता थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरैया पड़ान निवासी मनोज कुमार पांडेय पुत्र गोपीनाथ पांडेय गुरुवार दोपहर गाय चराने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पानी में वैकल्पिक लकड़ी बांध के बांसों के बीच फंसे शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल डायल-112 और थाना संग्रामपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 और थाना संग्रामपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे के प्रयास के बाद पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दीपक कुमार द्विवेदी, संदीप कुमार द्विवेदी समेत परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव की हालत काफी क्षत-विक्षत होने के कारण चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। परिजनों ने महिला के काले ब्लाउज और साड़ी के आधार पर शव की पहचान विद्या देवी के रूप में की।
संग्रामपुर थाने के प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि 24 अगस्त को सुरेंद्र प्रताप दुबे के परिजनों की तहरीर पर थाना संग्रामपुर में विद्या देवी की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार, विद्या देवी 23 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे मॉर्निंग वॉक के लिए अमेठी-किठावर मार्ग स्थित मालती नदी के गोरखापुर पुल की ओर निकली थीं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी