तिल के खेत में मिला युवक का शव

 


पत्नी के मुकदमा दर्ज कराने के बाद से मानसिक तनाव में था युवक

हमीरपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में छानी-इंगोहटा मार्ग से करीब एक किलोमीटर दूर तिल के खेत में मंगलवार को युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव फसल के ऊपर नीम के पेड़ के पास पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

जानकारी के अनुसार छानी-इंगोहटा मार्ग पर पिपरिया दाई से करीब दो सौ मीटर अंदर एक तिल के खेत में नीम के पेड़ के पास शव पड़ा हुआ था। मंगलवार को किसान अपनी फसल देखने खेत पर गया तो शव फसल पर पड़ा देखा। किसान ने गांव वालों को और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बिवांर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शव की पहचान थाना ललपुरा के स्वासा खुर्द गांव निवासी संतलाल उर्फ आशुतोष (33) पुत्र महेश्वरीदीन विश्वकर्मा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंच गए।

मुकदमे के बाद तनाव में रहने लगा था युवक

मृतक के चाचा विनय कुमार ने बताया कि संतलाल दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी छह मार्च 2025 को छतरपुर जिले के गौरैया गांव निवासी प्रीति से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद जनवरी में पत्नी विवाद के बाद मायके चली गई थी। फरवरी में उसने छतरपुर न्यायालय में पति, दो बहनों, बहनोई और सास समेत सात लोगों के खिलाफ उत्पीड़न व मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से संतलाल मानसिक तनाव में रहने लगा था। वह सोमवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

सल्फास की खाली डिब्बी मिली

थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार की शाम बताया कि शव के पास सल्फास की खाली डिब्बी मिली है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम और स्क्वायड ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मृतक के छोटे भाई अनुराग ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या किए जाने की तहरीर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा