गंग नहर में मिला अधेड़ का शव, बेटे से झगड़े के बाद आत्महत्या की आशंका
नोएडा, 12 जुलाई (हि.स.)। नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र में एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव गंग नहर में मिला है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक थाना जारचा क्षेत्र का रहने वाला था और दो दिन से लापता था। पुलिस को आशंका है कि अपने बेटे से हुए झगड़े के बाद मृतक ने नहर में कूदकर आत्महत्या की है।
थाना दनकौर के प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने रविवार काे बताया कि थाना क्षेत्र में कल शाम को एक 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस को मिला था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हाे सकी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान आज पुलिस को पता चला है कि मृतक थाना जारचा क्षेत्र के छायसा गांव का रहने वाला था। उनका नाम राजेंद्र (50 वर्ष) पुत्र गरीब है। उन्होंने बताया कि जांच में पुलिस को पता चला है कि उनका अपने बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसके बाद वह घर से निकले थे।
इस मामले में थाना जारचा के प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि मृतक के परिजनों ने थाना जारचा में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस आज शव का पोस्टमार्टम करवा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक परिजनाें द्वारा किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी