नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
कानपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महाराजपुर थाना क्षेत्र के महुआगांव में रविवार को युवक का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गई है।
मृतक की पहचान महुआगांव निवासी राम शंकर (45) के रूप में हुई। घटना की जानकारी उसके बेटे नरेश ने पुलिस को दी। बेटे ने बताया कि शनिवार को राम शंकर का पड़ोसी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से कहीं गए और आज उनका शव गांव में नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहराई से जांच और कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप