नदी में डूबे मदरसा छात्र का शव मिला
कानपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। अरौल थाना क्षेत्र में ईशन नदी में नहाने के दौरान डूबे मदरसा छात्र का शव शनिवार सुबह मिल गया। छात्र गुरुवार शाम दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, जहां वह गहरे पानी में चला गया था। दो दिन तक पुलिस और एसडीआरएफ की तलाश के बाद शनिवार को मकनपुर से करीब सात किलोमीटर दूर जीटी रोड के पुराने पुल के पास उसका शव नदी में उतराता मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी रेहान (18) के रूप में हुई। वह मकनपुर स्थित जामिया मस्जिद के उलूम मदरसे में पढ़ाई करता था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह दरगाह शरीफ में नमाज पढ़ने गया था। नमाज अदा करने के बाद वह अपने कुछ दोस्तों के साथ कर्बला स्थित ईशन नदी के घाट पर नहाने पहुंच गया। नदी में नहाने के दौरान रेहान अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए और नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई।
सहायक पुलिस आयुक्त अंकित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू कराई गई। गुरुवार को देर रात तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम भी मकनपुर पहुंची। एसडीआरएफ टीम ने ईशन नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे तक नदी में छात्र की तलाश की गई, लेकिन शुक्रवार देर शाम तक टीम को सफलता नहीं मिली। इसके बाद भी पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से नदी और आसपास के इलाकों में तलाश करती रही।
शनिवार को जीटी रोड स्थित पुराने पुल के पास राहगीरों और आसपास के लोगों ने नदी में एक युवक का शव उतराता देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव मिलने की जानकारी पर रेहान के परिजन और मदरसे से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की पहचान रेहान के रूप में की। एसीपी अंकित कुमार ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप