अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला
औरैया, 07 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग पर गुरुवार देर रात को एक अज्ञात युवक का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।
सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना गांव नगला खगा के सामने किलोमीटर संख्या 1120/17 के पास की है। एक ट्रेन के लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर युवक के कटने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलते ही मौके पर आरपीएफ के महेंद्र सिंह व देवेंद्र गुर्जर तथा अछल्दा थाना प्रभारी पंकज मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। युवक ने नीली चेकदार शर्ट, सफेद बनियान और गहरे गेरुआ रंग का अंडरवियर पहन रखा था। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार